Category : मनी टिप्स | Sub Category : सेविंग Posted on 2019-09-04 05:48:02
सरकार ने मंगलवार को IDBI बैंक में 9,300 करोड़ रुपये की पूंजी डालने की मंजूरी दे दी। इसका मकसद बैंक का पूंजी आधार बढ़ाना और इसे मुनाफे में लाना है। मंत्रिमंडल के निर्णयों के बारे में मीडिया से बातचीत करते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि इससे IDBI बैंक का कायाकल्प करने की प्रक्रिया पूरी होगी। बैंक को वापस लाभ में लाने के साथ ही बैंक सामान्य तौर पर कर्ज वितरण कार्य कर सकेगा। सरकार को उपयुक्त समय पर अपना निवेश वापस लेने का विकल्प भी इसमें होगा।
उन्होंने कहा कि कुल 9,300 करोड़ रुपये की पूंजी जरूरत में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) अपनी 51 प्रतिशत हिस्सेदारी के अनुरूप 4,743 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। शेष 49 प्रतिशत 4,557 करोड़ रुपये की राशि एक बारगी आधार पर सरकार इसमें डालेगी। आईडीबीआई बैंक में LIC ने अपनी हिस्सेदारी जनवरी में बढ़ाकर 51 प्रतिशत कर दी। इसके बाद बैंक में सरकार की हिस्सेदारी 86 प्रतिशत से घटकर 46.46 प्रतिशत पर आ गई।
कैशलेस तरीके से डाली जाएगी पूंजी
पूंजी डालने के बाद IDBI बैंक खुद धन जुटाने में सक्षम होगा। इससे उसके अगले साल तक भारतीय रिजर्व बैंक के त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई (पीसीए) के दायरे से बाहर आने की उम्मीद है. जावड़ेकर ने कहा, ‘‘ पूंजी डालने का यह काम एकदम नकदी रहित होगा। यह पूंजी रिकैपिटलाइजेशन बॉन्ड के जरिए डाली जाएगी. सरकार बैंक में पूंजी डालेगी और बैंक उसी दिन उस पूंजी से सरकार के रिकैपिटलाइजेशन बॉन्ड की खरीदारी करेंगे. इसका लिक्विडिटी और चालू वर्ष के बजट पर भी कोई असर नहीं होगा।’’
जून 2019 में नेट NPA 8%
IDBI बैंक में एक बारगी पूंजी डालने की जरूरत है ताकि उसके पुराने फंसे हुए कर्ज के हिसाब-किताब को साफ सुथरा किया जा सके. जून 2018 में इसका शुद्ध फंसा कर्ज 18.8 प्रतिशत था, जो जून 2019 में घटकर आठ प्रतिशत रह गया है। इसके लिए पूंजी शेयरधारकों से आएगी।
IDBI बैंक के डेढ़ करोड़ रिटेल कस्टमर
IDBI बैंक की देशभर में 800 शाखाएं और करीब डेढ़ करोड़ रिटेल ग्राहक हैं। बैंक के कर्मचारियों की संख्या 18,000 है. चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में बैंक का शुद्ध घाटा 3,801 करोड़ रुपये रहा. यह 2018-19 की अप्रैल-जून तिमाही में 2,410 करोड़ रुपये था।
कमाई करो कोट