Category : बड़ी खबर | Sub Category : नेशनल Posted on 2019-10-03 06:08:50
सीएनजी (CNG) गाड़ियां चलाने वालों के लिए खुशखबरी है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने सीएनजी की कीमतों में कटौती का एलान किया है। अब दिल्ली और एनसीआर में बृहस्पतिवार से सीएनजी की कीमतें 2.15 रुपये प्रति किलो तक घट गई हैं। इसका फायदा ग्राहकों को मिलने भी लगा है। दिल्ली में सीएनसी 1.90 रुपये प्रति किलो सस्ती होगी तो नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में 2.15 रुपये किलो। इससे पहले 1 अप्रैल 2017 को सरकार ने घरेलू प्राकृतिक गैस के दाम घटाए थे।
दिल्ली में सीएनजी का भाव अब 45.20 रुपये प्रति किलो हो गया है। वहीं, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में यह 51.35 रुपये प्रति किलो के रेट पर मिलेगी। नए दाम 3 अक्टूबर की सुबह 6 बजे यानी आज से ही लागू हो गए हैं। IGL से जिन दूसरे इलाकों में सीएनजी की सप्लाई होती है, वहां कीमतों में कोई बदलाव नहीं होगा।
बता दें कि प्राकृतिक गैस की कीमतें हर 6 महीने में तय की जाती हैं। हर साल 1 अप्रैल और 1 अक्टूबर को गैस की कीमतों की समीक्षा जाती है। इसी क्रम में सरकार ने पिछले दिनों घरेलू प्राकृतिक गैस की कीमतों में कटौती का ऐलान किया था, जिसके बाद इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने कीमतें कम करने का फैसला लिया है।
मिलेगा डिस्काउंट और कैशबैक
इसके अलावा रात 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के कुछ चुनिंदा सीएनजी स्टेशनों से गैस भरवाने पर 1 रुपये प्रति किलो का अतिरिक्त डिस्काउंट भी ग्राहकों को मिलेगा। ऑफ पीक आवर्स में आईजीएल के स्मार्ट कार्ड द्वारा सीएनजी भरवाने पर एक नई कैश बैक स्कीम की भी घोषणा की गई है। इसके तहत सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच और रात 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच आईजीएल के स्मार्ट कार्ड के जरिए सीएनजी भरवाने पर ग्राहकों को प्रति किलो 50 पैसे स्पेशल कैश बैक के रूप में मिलेंगे।
कमाई करो कोट