ये हैं पोस्ट ऑफिस की 8 स्कीम्स, सुरक्षा के साथ देती हैं अच्छा ब्याज

Category : मनी टिप्स | Sub Category : सेविंग Posted on 2019-07-15 13:48:47


ये हैं पोस्ट ऑफिस की 8 स्कीम्स, सुरक्षा के साथ देती हैं अच्छा ब्याज


नई दिल्ली। पोस्ट ऑफिस में किया गया निवेश बैंकों की तुलना में ज्यादा सुरक्षित होता है। इनमें कई इनकम टैक्स भी बचाती हैं। इस वक्त पोस्ट ऑफिस की 5 जमा योजनाओं में निवेश करके इनकम टैक्स बचाया जा सकता है। इनमें से 2 योजनाओं में तो ब्याज भी काफी ज्यादा मिल रहा है। पोस्ट ऑफिस की रह जमा योजना की अपनी खासियत और विशेषताएं हैं। ऐसे में सभी जमा योजनाओं पर एक नजर डालने के बाद ही निवेश करना ठीक रहेगा। सरकार हर 3 माह में पोस्ट ऑफिस की जमा योजनाओं की समीक्षा करती है और इसमें बदलाव करती है। सरकार ने 1 जुलाई से पोस्ट ऑफिस की जमा योजनाओं के ब्याज में कमी की है।



ये हैं पोस्ट ऑफिस की नई ब्याज दरें


1. सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम 8.6 फीसदी


2. सुकन्या समृद्धि योजना 8.4 फीसदी


3. पब्लिक प्राविडेंड फंड (पीपीएफ) 7.9 फीसदी


4. एनएससी 7.9 फीसदी


5. पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट 6.9 से 7.7 फीसदी तक


6. एमआईएस 7.6 फीसदी


7. किसान विकास पत्र 7.6 फीसदी


8. पोस्ट ऑफिस आरडी 7.2 फीसदी




जानें स्कीम्स की खासियतें



1. सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम


पोस्ट ऑफिस की सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम में इस वक्त 8.6 फीसदी ब्याज मिल रहा है। पोस्ट ऑफिस की किसी भी जमा योजना में यह सबसे ज्यादा है। इस स्कीम में 60 वर्ष या उससे ज्यादा की उम्र के लोग ही निवेश कर सकते हैं। इस स्कीम में पैसा 5 साल लिए लगाया जाता है। इस स्कीम में न्यूनतम 1000 रुपये का निवेश किया जा सकता है। वहीं अधिकतम 15 लाख रुपये तक की निवेश की सीमा है। इस स्कीम में निवेश करने वालों को इनकम टैक्स की धारा 80सी के तहत छूट मिलती है।   



2. सुकन्या समृद्धि योजना


सुकन्या समृद्धि योजना में इस वक्त 8.4 फीसदी ब्याज मिल रहा है। यह खाता अपनी बेटी के नाम से खोल सकते हैं। वैसे नियम के तहत केवल 2 बेटियों के नाम यह खाता खोला जा सकता है, लेकिन अगर दूसरी बेटी जुड़वां हों तो तीनों बेटियों के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना के तहत अकाउंट खोला जा सकता है। इस योजना में न्यूनतम 250 रुपये से खाता खोला जा सकता है। एक साल में इस योजना के तहत अधिकतम 1.5 लाख रुपये जमा किए जा सकते हैं। इस योजना में जमा पैसों पर इनकम टैक्स की छूट ली जा सकती है।



3. पब्लिक प्राविडेंड फंड (पीपीएफ)


पोस्ट ऑफिस में पब्लिक प्राविडेंड फंड (पीपीएफ) अकाउंट खोला जा सकता है। इस वक्त पीपीएफ में 7.9 फीसदी का ब्याज दिया जा रहा है। इस स्कीम के तहत कोई भी खाता खोल सकता है। पीपीएफ अकाउंट 15 साल के लिए खोला जाता है। इस अकाउंट में न्यूनतम 500 रुपये और अधिकतम 1.5 लाख रुपये जमा किया जा सकता है। पीपीएफ में निवेश का सबसे बड़ा फायदा इसकी परिपक्वता पर मिलने वाला पैसा पूरी तरह से टैक्स फ्री होता है। वहीं पीपीएफ में जमा होने वाले पैसे पर इनकम टैक्स की छूट धारा 80सी के तहत ली जा सकती है। पीपीएफ में जमा पैसा देश की कोई भी कोर्ट जब्त भी नहीं कर सकती है।




4. पोस्ट ऑफिस की एनएससी


एनएससी में निवेश करके इस वक्त 7.9 फीसदी ब्याज कमाया जा सकता है। एनएससी में निवेश पर मिलने वाले ब्याज पर टीडीएस नहीं काटा जाता है। वहीं इसमें किए गए निवेश पर इनकम टैक्स की धारा 80सी के तहत टैक्स छूट ली जा सकती है। एनएससी में न्यूनतम 100 रुपये का निवेश किया जा सकता है, लेकिन अधिकतम की कोई सीमा नहीं है। एनएससी में लगाया पैसा 5 साल के बाद में मिलता है।



5. पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट


पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट बैंकी फिक्स डिपॉजिट (एफडी) की तरह की योजना है। इस वक्त इन टाइम डिपॉजिट में 6.9 फीसदी से लेकर 7.7 फीसदी तक ब्याज दिया जा रहा है। इस स्कीम में 1 साल, 2 साल, 3 साल और 5 साल के लिए पैसा जमा कराया जा सकता है। पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट में न्यूनतम 200 रुपये जमा कराना जरूरी है, वहीं अधिकतम जमा की कोई सीमा नहीं है। अगर कोई 5 साल की पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट में पैसा जमा कराता है तो वह 80सी के तहत इनकम टैक्स की छूट ले सकता है।



6. पोस्ट ऑफिस एमआईएस


पोस्ट ऑफिस की मासिक आय योजना यानी एमआईएस में इस वक्त 7.6 फीसदी ब्याज दिया जा रहा है। इस स्कीम में जमा पैसे पर रह माह ब्याज दिया जाता है। इस स्कीम में जमा पैसे पर इनकम टैक्स की छूट नहीं मिलती है। इस स्कीम में न्यूनतम 1500 रुपये का निवेश किया जा सकता है। वहीं अधिकतम निवेश की सीमा तय है। अगर अकेले इस स्कीम में निवेश करना चाहते हैं तो 4.5 लाख रुपये का निवेश किया जा सकता है, वहीं संयुक्त नाम से निवेश करने पर अधिकतम 9 लाख रुपये तक का निवेश किया जा सकता है।



7. किसान विकास पत्र


किसान विकास पत्र में 7.6 फीसदी ब्याज लिया जा सकता है। इस स्कीम में भी पैसा जमा करने पर इनकम टैक्स की छूट नहीं मिलती है। इस स्कीम में पैसा जमा करने के बाद 2.5 साल के बाद जरूरत पड़ने पर निकाला जा सकता है। किसान विकास पत्र में न्यूनतम 1000 रुपये जमा किया जा सकता है, जबकि अधिकतम जमा की कोई सीमा नहीं है।



8. पोस्ट ऑफिस आरडी


पोस्ट ऑफिस में रिकरिंक डिपॉजिट (आरडी) के तहत हर माह पैसा जमा करके 7.2 फीसदी ब्याज लिया जा सकता है। पोस्ट ऑफिस आरडी में पैसा 5 साल के लिए जमा किया जाता है। इस स्कीम में लोग न्यूनतम 10 रुपये महीना से शुरुआत कर सकते हैं। वहीं आरडी में जमा करने की कोई अधिकतम सीमा नहीं है। बैंकों की तरह यहां भी लोगों को आरडी के सभी फायदे मिलते हैं। हालांकि इस स्कीम में किसी भी तरह की टैक्स सेविंग नहीं होती है।

Leave a Comment: