Complaint Management System: अपने बैंक से हैं परेशान तो यहां करें शिकायत, RBI ने लॉन्च किया नया सिस्टम

Category : बड़ी खबर | Sub Category : नेशनल Posted on 2019-06-25 03:51:16


Complaint Management System: अपने बैंक से हैं परेशान तो यहां करें शिकायत, RBI ने लॉन्च किया नया सिस्टम


नई दिल्ली। Complaint Management System: अगर बैंक आपकी शिकायत नहीं सुन रहे हैं तो अब आपको निराश होने की जरूरत नहीं है। रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंकों और नॉन बैंकिंग फाइनेंस कंपनजी (NBFCs) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए एक ऐप लॉन्च किया है, जिसके माध्यम से आप ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आरबीआई (RBI) की वेबसाइट पर कंप्लेंट मैनेजमेंट सिस्टम (CMS) की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य समय से शिकायतों को हल कर कस्टमर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाना है।


डेस्कटॉप और मोबाइल दोनों पर चलेगा सीएमएस

इस CMS पर कस्टमर पब्लिक इंटरफेस वाली किसी भी रेगुलेटेड एंटिटी जैसे कमर्शियल बैंक, शहरी सहकारी बैंक और एनबीएफसी के खिलाफ ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस सिस्टम पर दर्ज कराई जाने वाली शिकायत को उपयुक्त लोकपाल कार्यालय/रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय को भेज दिया जाएगा।

CMS को डेस्कटॉप और मोबाइल दोनों पर एक्सेस किया जा सकता है। रिजर्व बैंक की योजना जल्द ही एक डेडीकेटेड इंटरेक्टिव वॉइस रिस्पॉन्स (IVR) सिस्टम भी पेश करने की है, ताकि शिकायतों के स्टेटस को ट्रैक किया जा सके।


अपनी शिकायत को ट्रैक कर सकेंगे कस्टमर

CMS को लॉन्च करते हुए RBI गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि यह ऐप्लीकेशन पारदर्शिता को और बेहतर बनाता है। यह ऐप्लीकेशन ऑटो जनरेटेड एक्नॉलेजमेंट्स के जरिए शिकायतकर्ताओं को उनकी शिकायत मिलने के बारे में सूचित करेगी। साथ ही उन्हें अपनी शिकायतों का स्टेटस ट्रैक करने में सक्षम बनाएगी। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर शिकायतकर्ता बैंकिंग लोकपाल के फैसलों के खिलाफ ऑनलाइन अपील भी कर सकेंगे। शिकायतकर्ता चाहें तो शिकायत के निवारण को लेकर अपने अनुभव पर फीडबैक भी दे सकते हैं।


क्यों जरूरी है शिकायतों का जल्द निपटारा?

दास ने जोर दिया कि शिकायतों के जल्द व प्रभावी निपटारे के जरिए बैंकों व अन्य वित्तीय सेवा प्रोवाइडर्स में कंज्यूमर का विश्वास कायम रखना और एजुकेशन के जरिए कस्टमर्स को सशक्त बनाना बैंकिंग सिस्टम में विश्वास कायम रखने के लिए जरूरी है।

उन्होंने आगे कहा कि कस्टमर्स के बीच जागरूकता फैलाने के लिए CMS पोर्टल पर सेफ बैंकिंग प्रैक्टिसेज व RBI की अन्य महत्वपूर्ण ग्राहक केन्द्रित नियामकीय पहलों पर युवा रोल मॉडल्स की वीडियो भी डाली गई हैं।


कस्टमर्स की अपेक्षाएं समझना होगा आसान

दास ने यह भी कहा कि CMS पर मौजूद डाटा का इस्तेमाल बैंकों व वित्तीय सेवा प्रोवाइडर्स द्वारा शिकायतों के जल्द निपटारे और शिकायत निवारण प्रणाली मजबूत बनाने में किए जाने की उम्मीद है।इस डाटा का इस्तेमाल शिकायतों के कारण, कस्टमर को किस बात से तकलीफ है, उनकी अपेक्षाएं क्या हैं, आदि समझने में भी किया जाना चाहिए। ताकि सर्विसेज को बेहतर बनाया जा सके।


Leave a Comment: