Category : बड़ी खबर | Sub Category : नेशनल Posted on 2019-06-16 03:26:10
नई दिल्ली। अब आपको एटीएम (ATM) खाली मिलने की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। दरअसल, घंटों तक एटीएम (ATM) में कैश नहीं मिलने और एटीएम के बंद रहने की खबरों पर रिजर्व बैंक (RBI) ने सख्त रुख अपनाया है। आरबीआई (RBI) ने बैंकों से कहा है कि किसी भी हालत में कोई भी एटीएम तीन घंटे से ज्यादा कैश के बिना ना रहे। सूत्रों के अनुसार, आरबीआई (RBI) ने बैंकों से कहा है कि एटीएम से कैश खत्म होने पर उसे तीन घंटे के भीतर भरा जाए। यदि ऐसा नहीं होता है तो आरबीआई की ओर से बैंकों पर जुर्माना लगाया जा सकता है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट और बैंक अधिकारी
समय-समय पर देशभर से एटीएम (ATM) से कैश गायब होने की खबरें आती रहती हैं। इस पर बैंकिंग सेक्टर के एक्सपर्ट्स का कहना है कि बैंक कई बार एटीएम में कैश भरने को लेकर लापरवाही बरतते हैं। वहीं बैंकों के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल एटीएम (ATM) में कैश की कोई समस्या नहीं है। हालांकि, बैंक अधिकारियों ने यह भी माना है कि कुछ दिनों पहले कैश की समस्या होने पर एटीएम में कैश नहीं होने जैसी शिकायतें आई थीं।
खर्च बढ़ा और बैंकों ने बंद कर दिए एटीएम
पिछले साल आरबीआई ने बैंकों से अपने एटीएम को सुरक्षा की दृष्टि से अपग्रेड करने के लिए कहा था। फेडरेशन ऑफ एटीएम इंडस्ट्रीज से जुड़े लोगों का कहना है कि एटीएम अपग्रेड करने से बैंकों का खर्चा बढ़ रहा है। इस कारण एटीएम संचालन की लागत कम करने के लिए कई बैंक एटीएम को बंद रखते हैं। एटीएम इंडस्ट्रीज से जुड़े लोगों के अनुसार, एटीएम में लगे सेंसर से बैंकों को उसमें उपलब्ध कैश की जानकारी मिलती रहती है। यदि बैंक इस पर ध्यान दें तो कभी भी एटीएम में कैश की किल्लत नहीं होगी।
दीवार, जमीन और खंभे से जरूर जोड़ने होंगे एटीएम
एटीएम की सुरक्षा बढ़ाने के लिए आरबीआई ने बैंकों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आरबीआई ने कहा है कि वे सभी एटीएम को दीवार, जमीन या खंभे से आवश्यक रूप से जोड़ें। इसके लिए आरबीआई ने बैंकों को सितंबर अंत तक का समय दिया है। हालांकि, आरबीआई ने हवाई अड्डों जैसे अति सुरक्षित क्षेत्रों में ऐसे उपाय करने से छूट दी है। आरबीआई ने सुरक्षा के सभी पहलुओं पर गठित कमेटी की सिफारिशों के आधार पर यह दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
कमाई करो कोट